इतिहास
तराई के बिलारी क्षेत्र में स्थित खटीमा नगर अंग्रेजों के शासनकाल में भी परगना मुख्यालय था।उत्तराखण्ड की पुरानी तहसीलों में खटीमा की गिनती है। उन्नीसवीं सदी तक किच्छा से खटीमा तक के इलाके में थारुओं की बस्तियां थीं। बीसवीं सदी में बाहर से आकर भी लोग इस क्षेत्र में बसने लगे थे किन्तु पंजाब से आए विस्थापियों के कारण इस क्षेत्र की जनसंख्या के जातीय आकार-प्रकार में भारी अन्तर आ गया है। स्वतंत्रता प्राप्ति के उपरान्त पंजाब से आए विस्थापितों के कई परिवार इस क्षेत्र में बस गये। फलस्वरुप जनसंख्या के जातीय आकार-प्रकार में परिवर्तन हो गया। फिर भी खटीमा तहसील में वर्ष १९९१ की जनगणना अनुसार जनजाति के सदस्यों की संख्या कुल जनसंख्या का तीस प्रतिशत थी। क्योंकि यह काली कुमाऊँ और पिथौरागढ़ की प्राचीनकाल से ही व्यापारिक मण्डी है एवं यह पहचान अभी तक कायम है।
खटीमा 28°55′N 79°58′E / 28.92°N 79.97°E के अंक्षांशो पर स्थित है।[1] इसकी समुद्रतल से ऊँचाई १९९ मीटर
है। खटीमा तराई के पूर्वी भाग का अन्तिम नगर है। खटीमा तहसील के पूर्व में नेपाल की सीमा और दक्षिण में उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले की सीमा है। पीलीभीत से खटीमा होकर ही टनकपुर के लिए रेल जाती है।मौसम
यहाँ का मौसम बरेली जैसा है। गर्मियों में तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ जाता है और कोहरे युक्त सर्दियों में पारा ७ डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है। वर्ष १९८४ से ही खटीमा चतुर्थ श्रेणी की नगरपालिका परिषद है। नगरपालिका परिषद खटीमा का क्षेत्रफल ३.२ वर्ग किमी है।
जनसांख्यिकी
२००१ की जनगणना के अनुसार, खटीमा की जनसंख्या १,२०,४८७ है। पुरुष ५४% और महिलाएँ ४६% हैं। खटीमा की औसत साक्षरता दर ६६% है जो राष्ट्रीय औसत ५९.५% से अधिक है: पुरुष साक्षरता ७३% और महिला साक्षरता ५८% है। खटीमा में, १६% जनसंख्या ६ वर्ष से कम की है।
यहाँ पर कुमाऊँनी लोग बड़ी संख्या में बसे हुए हैं जो पिथौरागढ़ के पहाड़ी क्षेत्र से यहाँ आकर बसे हैं। यहाँ पर सिखों और मुसलमानों की भी बहुत बड़ी संख्या है। मुख्य भाषाएँ हैं हिन्दी और कुमाऊँनी (पहाड़ी)।
परिवहन
यह कस्बा भारत-नेपाल सीमा के निकट है। यह क्षेत्र के अन्य भागों से अच्छे से सड़क और रेलमार्गों से जुड़ा है। यह दिल्ली से आठ घण्टे और नैनीताल से चार घण्टे की दूरी पर स्थित है। निकटतम हवाईअड्डा पंतनगर है।
अर्थव्यस्था
यहाँ लोहियाहेड में शारदा नदी पर एक पनबिजली पावरहाउस है, जिसकी क्षमता ४१.४ मेवॉ है और कुछ अन्य उद्योग है पॉलीप्लेक्स, एस्टर इण्डस्ट्रीस लिमिटेड और खटीमा फ़ाइबर्स।